
गंडई में मौत का जाल बना बिजली पोल, करंट की चपेट में आने से 2 मवेशियों की दर्दनाक मौत,
गंडई पंडरिया:– नगर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था और ट्यूबलर पोल के रखरखाव में बरती जा रही गंभीर लापरवाही का एक और भयावह मामला सामने आया है। बीती रात गंडई रेस्ट हाउस के सामने स्थापित एक ट्यूबलर बिजली पोल में अचानक चालू हुए घातक करंट की चपेट में आने से दो बेजुबान मवेशियों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
यह घटना 20 अगस्त की रात्रि लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय निवासियों की सूचना पर हड़कंप मचा और आनन-फानन में विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, और बिजली पोल का करेंट हटाया गया।
बारिश के बीच शॉर्ट सर्किट से खंभे में उतरा घातक करंट
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में नमी का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोल के अंदरुनी तारों में शॉर्ट सर्किट होने या जोड़ों पर लगे टेप के निकल जाने के कारण पूरे लोहे के खंभे में हाई-वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा था। बारिश से बचने के लिए जैसे ही मवेशी खंभे के समीप पहुँचे, वे करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
लाखों का बजट, पर सुरक्षा शून्य, ठेकेदार की कार्यशैली पर उठे सवाल
नगर में ट्यूबलर पोल लगाने के लिए आधारभूत संरचना मद के तहत लगभग 3 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत हुई थी। इसी योजना के अंतर्गत 57 लाख 23 हजार रुपये की लागत से 150 ट्यूबलर पोल स्थापित करने का ठेका ‘क्षितिज कंस्ट्रक्शन, रायपुर’ को 3 अक्टूबर 2023 को वर्क ऑर्डर के जरिए सौंपा गया था।
लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सुरक्षा मानकों की जिस तरह अनदेखी की गई है, उसने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की सांठगांठ व कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बढ़ता जनआक्रोश कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। रहवासियों का आरोप है कि पोल लगाने के बाद से आज तक उनके नियमित रखरखाव (मासिक निरीक्षण) पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।कई पोल के सॉकेट खुले पड़े हैं।कुछ खम्बो के बिजली के तार असुरक्षित स्थिति में हैं।
वर्जन-अविनाश देवांगन सीएमओ नगर पंचायत गंडई ने बताया कि समय समय पर खम्बो की जांच और सुधार कार्य किया जाता रहा है।मवेशियों की मौत दुखद है पुनः नगर के सभी खम्बो की जांच करवाकर सुधार किया जाएगा ।सभी पालक अपने बच्चों को खम्बो से दूर रहने की जानकारी दे साथ ही कही पर भी अगर बिजली का खुला तार या करेंट होने की जानकारी मीले तो नगर पंचायत या बिजली विभाग को तत्काल इसकी सूचना दे ताकि बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।
