छत्तीसगढ़ के शिक्षक करेंगे सेवा सुरक्षा पदयात्रा और अनिश्चितकालीन आंदोलन, सरकार की नीतियों के खिलाफ खोला मोर्चा
गंडई पंडरिया — छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, संयुक्त शिक्षक संघ और सर्व शिक्षक संघ के संयुक्त तत्वाधान में प्रदेश के समस्त शिक्षक अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर निकल पड़े हैं। पूर्व घोषणा के अनुसार, शिक्षक 22 अगस्त को ब्लॉक स्तरीय, 29 अगस्त को जिला स्तरीय और 9 सितंबर से मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री आवास घेराव करते हुए अनिश्चितकालीन आंदोलन में सम्मिलित होंगे।
इसी क्रम में, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक इकाई छुईखदान ने ब्लॉक अध्यक्ष टीका देशमुख के नेतृत्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (SDM) छुईखदान और थाना प्रभारी छुईखदान को इस आशय का औपचारिक सूचना ज्ञापन सौंपा है।
गायब है ‘मोदी की गारंटी’, शिक्षकों में है भारी हताश
फेडरेशन ने आरोप लगाया है कि विधानसभा चुनाव से पूर्व वर्तमान सरकार द्वारा ‘मोदी की गारंटी’ के तहत सभी शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने और क्रमोन्नत वेतनमान देने का वादा किया गया था। लेकिन आज पर्यंत इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे प्रदेशभर के शिक्षकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
सेवारत शिक्षकों को टीईटी (TET) से मिले मुक्ति
ब्लॉक अध्यक्ष टीका देशमुख ने जानकारी दी कि माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा सभी शिक्षकों को वर्ष 2028 तक अनिवार्य रूप से टीईटी (TET) उत्तीर्ण करने का आदेश पारित किया गया है। साथ ही संबंधित राज्य सरकारों को इसके लिए वर्ष में दो बार परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अब तक सेवारत शिक्षकों के लिए कोई परीक्षा आयोजित नहीं की गई है, जिससे शिक्षकों का भविष्य असमंजस में है।
“अब की बार, आर – पार” के मूड में शिक्षक
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, संयुक्त शिक्षक संघ और सर्व शिक्षक संघ ने संयुक्त मोर्चा बनाकर सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है। संघ ने आगामी 22 अगस्त से ब्लॉक मुख्यालय, 29 अगस्त को जिला मुख्यालय और 9 सितंबर से राजधानी में घेराव सहित अनिश्चितकालीन आंदोलन का पूरा मन बना लिया है।
ज्ञापन सौंपने वाले इस प्रमुख प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष भिखेंद्र जंघेल, जिला सचिव शिवचरण वर्मा, ब्लॉक सचिव तारण धुर्वे, दोदेश्वर चंदेल, संजीव धुर्वे, अश्विनी साहू, तुलेश्वर सेन, तोरण साहू, सुरेश भंडारी, हेमंत जांगड़े, जगदीश देवांगन, किशन वर्मा, अनिक धुर्वे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

