
गंडई में शांति समिति की बैठक संपन्न, गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने पर प्रशासन ने दिया जोर
गंडई पंडरिया- आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत गंडई के सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। शाम चार बजे शुरू हुई इस बैठक में शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में एसडीएम अविनाश ठाकुर ने सभी गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारियों को उत्सव के आरंभ से लेकर विसर्जन तक सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदियों में विसर्जन, डीजे के परमिशन और रात्रि के समय विसर्जन न करने जैसे नियमों का कड़ाई से पालन किया जाना अनिवार्य है।
नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुशरो ने नगर में स्थापित होने वाली प्रतिमाओं की जानकारी लेते हुए अपील की कि इस धार्मिक आयोजन से दलगत राजनीति को पूरी तरह दूर रखा जाए। उन्होंने समितियों से लिखित में जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया और ध्वनि प्रदूषण से बचने के लिए सामान्य आवाज में पूजा-अर्चना और संगीत बजाने की बात कही, ताकि आम नागरिकों और शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।
थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि नियमों का पालन करने वाली समितियों को पुलिस का पूरा सहयोग मिलेगा। आपातकालीन स्थिति में सीधी मदद लेने की बात कहते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि गणेश उत्सव के दौरान पुलिस की समुचित व्यवस्था रहेगी और लगातार गश्त जारी रहेगी।
हालांकि, हाल ही में कृष्ण जन्माष्टमी के दौरान प्रशासन के निर्देशों के बावजूद नगर में मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से पालन नहीं हो पाया था, जिसे लेकर जनता में असन्तुष्टि भी है । अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि गणेश उत्सव को लेकर प्रशासन द्वारा जारी किए गए इन नियमों का धरातल पर कितनी सख्ती से पालन करवाया जाता है।
बैठक में एसडीएम अविनाश ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि राकेश ताम्रकार, नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुशरो, थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले, सीएमओ अविनाश ठाकुर, शैलेन्द्र जायसवाल, पार्षद तामेश्वर साहू, नरायन चतुर्वेदी, कमल किशोर नेताम, अमित टंडन सहित नगर के विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
