
गंडई के शुभम जंघेल का जलवा, अंतर-विश्वविद्यालयीन राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन
गंडई पंडरिया-स्थानीय स्व. श्री देवी प्रसाद जी चौबे शासकीय महाविद्यालय, गंडई के छात्र शुभम जंघेल ने अपनी प्रतिभा के दम पर खेल जगत में महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। शुभम का चयन चंडीगढ़ (पंजाब) में आयोजित होने वाली ‘ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता’ के लिए हुआ है।

स्वर्ण पदक जीतकर पक्की की जगह
हाल ही में छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी (भिलाई) में अंतर-महाविद्यालयीन स्तरीय कुश्ती (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता संपन्न हुई। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में शुभम जंघेल ने अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। उनके इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चुना गया है।
05 जनवरी से चंडीगढ़ में मचेगा दंगल
राष्ट्रीय स्तर की यह कुश्ती प्रतियोगिता 05 जनवरी 2026 से 09 जनवरी 2026 तक चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, पंजाब में आयोजित की जाएगी। शुभम इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 02 जनवरी को रवाना होंगे। शुभम ने अपनी इस सफलता का श्रेय क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती अनीता पौषार्य के कुशल मार्गदर्शन और अपने कठिन परिश्रम को दिया है।
महाविद्यालय परिवार में हर्ष की लहर
शुभम की इस बड़ी उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.पी. कुर्रे, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एन.एस. वर्मा, क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती अनीता पौषार्य सहित समस्त प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने उन्हें बधाई दी है। महाविद्यालय परिवार ने शुभम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि वे राष्ट्रीय मंच पर भी स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय का मान बढ़ाएंगे।
