
गंडई मंडल में धूमधाम से मनाया जाएगा भाजपा का स्थापना दिवस, सेवा और समर्पण के साथ जुटेंगे कार्यकर्ता
गंडई पंडरिया-भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर गंडई मंडल में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी कल 06 अप्रैल, सोमवार को पार्टी का स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंडल स्तर पर विभिन्न सेवा कार्यों और संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष और महामंत्री ने बताया कि जिला नेतृत्व के दिशा-निर्देशानुसार इस विशेष दिन की शुरुआत सुबह 8 बजे से होगी। कार्यक्रम का आयोजन बैला पसरा, पोस्ट ऑफिस के सामने किया गया है। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यकर्ताओं द्वारा सबसे पहले स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से समाज को स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। इसके पश्चात विधिवत ध्वजारोहण कर पार्टी के गौरवशाली इतिहास को नमन किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में एक विशेष संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया है। इस संगोष्ठी में संगठन की विचारधारा, अंत्योदय के संकल्प और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। मंडल नेतृत्व ने क्षेत्र के समस्त ज्येष्ठ और श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं सहित सभी पदाधिकारियों से इस उत्सव में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आग्रह किया है।
गंडई मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार, यह दिवस उन महापुरुषों के त्याग और समर्पण को याद करने का अवसर है जिन्होंने संगठन को इस ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। कार्यकर्ताओं में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है और पूरी तैयारी के साथ स्थापना दिवस को भव्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।आयोजन को सफल बनाने अधिक से अधिक संख्या में पहुचने के लिए मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर द्वारा अपील किया गया।
