
सनसनीखेज! केसीजी: सड़क अतरिया में खून से लथपथ हेडमास्टर दंपत्ति; ‘आदतन अपराधी’ पड़ोसी पर हत्या का आरोप
गंडई पंडरिया-ग्राम पंचायत सड़क अतरिया में शुक्रवार सुबह हुई एक दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। भदेरा स्कूल के हेडमास्टर बाबू लाल सोरी (55 वर्ष) और उनकी पत्नी श्रीमती सुनती बाई सोरी (50 वर्ष) को आरोप है कि उनके पड़ोसी ने लकड़ी के पटनी से वार कर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। इस जघन्य वारदात के बाद गाँव में भय और पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।

मृतक हेड मास्टर बाबू लाल सोरी
भयावह वारदात: सिर पर ताबड़तोड़ वार, खून से लथपथ हुआ घर
यह दिल दहला देने वाली घटना सुबह 4 बजे से 5 बजे के बीच गंडई से राजनाँदगाँव पहुच मुख्य मार्ग पर सड़क अतरिया में स्थित नहर पुल के पास हुई। संदेही आरोपी भगवती गोड (35 वर्ष) ने हेडमास्टर बाबू लाल सोरी के घर में घुसकर दंपत्ति पर हमला किया। लकड़ी के पटनी से किए गए ताबड़तोड़ वारों से दोनों के सिर लहूलुहान हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्यारा आदतन चोर: पुरानी रंजिश या चोरी का प्रयास?
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी भगवती गोड एक आदतन अपराधी है। ग्रामीण बताते हैं कि वह कुछ साल पहले घरों के दरवाजों पर बिजली का करेंट लगाकर चोरी करता था। हत्या के पीछे मुख्य कारण चोरी और पुरानी रंजिश मानी जा रही है। मृतक हेडमास्टर बाबू लाल सोरी ने पूर्व में भगवती गोड की हरकतों की पुलिस में मौखिक शिकायत की थी, जिसके बाद उन्होंने अपने घर में सीसीटीवी कैमरा भी लगवाया था। पुलिस अब इन फुटेज की जांच कर रही है, जिससे हत्याकांड के पीछे का असली मकसद सामने आने की उम्मीद है।

मृतक पति पत्नी
पड़ोसियों ने दबोचा कातिल: समुचित पुलिस कार्यवाही नही पूर्व के मामले पर
सुबह लगभग 5 बजे जब भगवती गोड भाग रहा था, तभी सतर्क पड़ोसियों ने उसे संदिग्ध मानकर दबोच लिया। वे उसे मृतक के घर ले गए, जहां ग्रामीणों ने देखा कि दोहरा हत्याकांड हुआ है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दिया।
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार भगवती गोड की पुरानी शिकायतों पर पुलिस द्वारा समुचित कार्यवाही नहीं की गई, जिसके कारण उसके हौसले बुलंद हुए सम्भवतः इसी के चलते उसने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सड़क अतरिया में हाल के वर्षों में चोरी, मारपीट और आपराधिक घटनाओं में आई वृद्धि के लिए ग्रामीण सुस्त पुलिसिया कार्यवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
हत्या की खबर मिलते ही खैरागढ़ से एडिशनल एसपी सहित पुलिस बल घटना स्थल पर पहुँचा और जांच पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, लेकिन गाँव में असंतोष और तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक दंपत्ति के तीन बेटियां (विवाहित) और दो बेटे हैं, जो फिलहाल अपने घरों से दूर रहते हैं। पुलिस अब मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है।
