
गंडई क्षेत्र में दो भीषण सड़क हादसे: ट्रक बिजली पोल से टकराया, तेज रफ्तार कार ने मंदिर को रौंदा
गंडई पंडरिया-क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। गनीमत रही कि दोनों ही घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचा है।
1. ट्रक की टक्कर से झुका ट्रांसफार्मर वाला पोल
अतरिया-चकनार मार्ग पर मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे एक ट्रक (CG 04 MV 3829) अनियंत्रित होकर लक्ष्मी स्टील के सामने लगे बिजली पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रांसफार्मर लगा पोल झुक गया। उस समय बिजली चालू थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। तत्काल गंडई बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई गई, जिससे स्थिति पर काबू पाया जा सका।
2. बेकाबू कार ने मंदिर और जन-संपत्ति को पहुँचाया नुकसान
एक अन्य घटना में दुर्ग रोड पर 16-17 मार्च की दरमियानी रात करीब 1 बजे भिलाई निवासी सागर शर्मा की तेज रफ्तार कार (CG 07 CA 1768) ने जमकर तबाही मचाई। कार सीधे बजरंग बली के मंदिर और पास रखी सीमेंट की कुर्सियों से जा टकराई, जिससे कुर्सियां चकनाचूर हो गईं और मंदिर में गहरी दरारें आ गईं। कार अंत में एक पीपल के पेड़ से टकराकर रुकी।
पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ BNS की धारा 281 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मंदिर का ढांचा क्षतिग्रस्त हुआ है और पार्षद निधि से बनी सीमेंट बेंच नष्ट हो गई हैं।
