
बिजली दरों के निर्धारण पर जन-सुनवाई: उपभोक्ताओं ने रखी अपनी बात, ‘महंगाई के दौर में न बढ़ें दाम’
गंडई पंडरिया- छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग (CSERC) द्वारा आगामी वित्तीय वर्षों (2026-27 से 2029-30) के लिए बिजली दरों (टैरिफ) के निर्धारण को लेकर राजनांदगांव के पार्रीनाला स्थित कार्यपालक निदेशक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक जन-सुनवाई आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस सुनवाई में राजनांदगांव सहित मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और कबीरधाम जिले के घरेलू, कृषक और औद्योगिक उपभोक्ताओं ने हिस्सा लिया और नए टैरिफ के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव व आपत्तियां दर्ज कराईं।

आम जनता की मांग: सरल बिल और स्थिर दरें
जन-सुनवाई में घरेलू उपभोक्ताओं का प्रतिनिधित्व करते हुए रूपचंद भीमनानी ने बढ़ती महंगाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने पुरजोर मांग की कि “बिजली की दरों में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की जानी चाहिए” ताकि आम आदमी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। साथ ही, उन्होंने बिजली बिलों को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने का सुझाव दिया ताकि एक आम उपभोक्ता अपनी खपत के हर खंड को आसानी से समझ सके।
उद्योग जगत के सुझाव: क्रॉस सब्सिडी और रियायतें बरकरार रहें
औद्योगिक क्षेत्र से ‘एबीस कंपनी’ के प्रतिनिधियों ने तकनीकी सुझाव देते हुए क्रॉस सब्सिडी का निर्धारण वोल्टेज के आधार पर करने और एडवांस पेमेंट पर मिलने वाली 1.25% की छूट को भविष्य में भी जारी रखने की वकालत की।
वहीं, चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स राजनांदगांव के अध्यक्ष कमलेश बैद ने औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रचलित टैरिफ को यथावत रखने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत उत्पादित बिजली के लिए उचित दर तय करने और एचवी-3 व एचवी-05 श्रेणी के उपभोक्ताओं को एलवी-4 की तर्ज पर लाभ देने का प्रस्ताव रखा।
नियामक आयोग का आश्वासन: ‘संतुलन और निष्पक्षता’
राज्य विद्युत नियामक आयोग के सदस्यों ने सभी पक्षों को धैर्यपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि:
टैरिफ का निर्धारण उपभोक्ताओं के हित और बिजली कंपनियों की वित्तीय स्थिरता के बीच सटीक संतुलन बनाकर किया जाएगा।
सभी सुझावों का विस्तृत अध्ययन करने के बाद आगामी कुछ महीनों में अंतिम टैरिफ आदेश जारी होगा।
निर्णय पूरी तरह से निष्पक्ष और न्यायसंगत होगा।
इनकी रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण जन-सुनवाई के दौरान उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष ए.के. ग्राहक, अतिरिक्त मुख्य अभियंता मंगल तिर्की, अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर, कार्यपालन अभियंता एन.के. साहू, श्रीमती सीमा ढील, पीआरओ डी.एस. मंडावी सहित चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स से राजकुमार बाफना, राजेश जैन और नेमीचंद जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्टर-विनोद नामदेव गंडई
