
माँ गंगई की नगरी गंडई में आज रात ‘रंग सरोवर’ की भव्य प्रस्तुति!
गंडई-पंडरिया-माँ गंगई माता की पावन नगरी गंडई में आज, 7 अक्टूबर मंगलवार की रात्रि एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होने जा रहा है। आत्मानंद स्कूल (हाई स्कूल) खेल मैदान में रात 9 बजे के बाद प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक लोक कला कार्यक्रम “रंग सरोवर” की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
दुर्गा उत्सव समिति कोपेभाटा गंडई के तत्वावधान में हो रहे इस आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समिति के सदस्य और स्थानीय युवाओं की टीम कार्यक्रम स्थल को उत्सवमय माहौल देने में जुटी हुई है। खेल मैदान में आकर्षक पंडाल, भव्य मंच, बेहतरीन लाइटिंग और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई है। रंग-बिरंगे झंडे, झालर और रोशनी के विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं, जो पूरे मैदान की शोभा बढ़ाएगा।
मुख्य आकर्षण: भूपेंद्र साहू और ‘रंग सरोवर’
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक लोक कला मंच “रंग सरोवर, गरियाबंद” के लोकप्रिय कलाकार भूपेंद्र साहू होंगे। वह अपनी टीम के साथ पारंपरिक गीत, मनमोहक लोकरनृत्य, गुदगुदाते हास्य-व्यंग्य और जीवंत सांस्कृतिक झांकियों की प्रस्तुति देंगे, जो निश्चित रूप से दर्शकों का मन मोह लेंगी।
दुर्गा उत्सव समिति ने बताया कि इस सांस्कृतिक उत्सव को लेकर स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह है। समिति ने दर्शकों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, वाहन पार्किंग और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। समिति ने गंडई और आस-पास के सभी ग्रामीणों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस शानदार छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लें।
