
पीएम आवास पूर्ण कराने ‘विशेष महाभियान’ 3 दिनों में 200 मकान पूर्ण कराने का लक्ष्य
जनपद सीईओ ने ग्राउंड जीरो पर उतरकर लिया जायजा
हितग्राहियों को समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
गंडई पंडरिया-जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन मकानों को तेजी से पूर्ण कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में एक ‘विशेष महाभियान’ की शुरुआत की गई है, जिसके तहत आगामी तीन दिनों के भीतर लगभग 200 आवासों को पूर्ण कराने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।
जमीनी स्तर पर निरीक्षण, पंचायतों का दौरा
अभियान की कमान संभालते हुए जनपद सीईओ श्रीमती केश्वरी देवांगन ने स्वयं मैदानी मोर्चा संभाला है। उन्होंने गंडई क्षेत्र की ग्राम पंचायत कृतबांस, कटंगी और देवपुरा का सघन दौरा कर आवास निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल निर्माण की प्रगति देखी, बल्कि सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की है ।
हितग्राहियों से सीधा संवाद
भ्रमण के दौरान सीईओ ने सीधे हितग्राहियों से चर्चा की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए ताकि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द अपने पक्के घर की सौगात मिल सके। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर निर्माण कार्यों की बाधाओं को दूर करें।
अधिकारी-कर्मचारी हुए सक्रिय
इस विशेष अभियान की सफलता के लिए पूरा प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ संबंधित पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। जनपद कार्यालय द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि 200 आवासों के लक्ष्य को समय पर हासिल किया जा सके।
