
राज्य स्तरीय वॉलीबॉल में राजनांदगांव सेक्टर उप-विजेता,रायपुर ने जीता ख़िताब
गंडई पंडरिया-छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता में राजनांदगांव सेक्टर ने शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए उप-विजेता का गौरव प्राप्त किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता उत्तर बस्तर सेक्टर के भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातक महाविद्यालय, कांकेर में संपन्न हुई, जिसमें राज्य के कुल ग्यारह (11) सेक्टरों की टीमों ने हिस्सा लिया था।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अत्यधिक रोमांचक रहा, जो रायपुर सेक्टर और राजनांदगांव सेक्टर के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने चैंपियनशिप के लिए पूरा ज़ोर लगाया और दर्शकों को एक कड़ी टक्कर देखने को मिली। कड़े संघर्ष के बाद अंततः रायपुर सेक्टर विजेता बनने में सफल रहा, जबकि राजनांदगांव सेक्टर ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी बेहतरीन रणनीतियों और टीम वर्क से खेल प्रेमियों को प्रभावित किया।
राजनांदगांव सेक्टर की उप-विजेता टीम में देवेंद्र चंद्रवंशी, अनुभव जायसवाल, दीपक बंजारे, शेख उवैश मोहम्मद, उमाकांत साहू, डोमन सिंह मेरावी, मोसेस अमोली, चंदन लारोकर, मोइन अहमद खान, सुमीत यादव, यश कुमार और राजकुमार शामिल थे। खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन और टीम भावना की बदौलत ही सेक्टर को यह बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।
इस प्रतियोगिता में टीम के प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी श्रीमती अनीता पौषार्य (क्रीड़ा अधिकारी, शासकीय महाविद्यालय गंडई) और प्रकाश चंद्रवंशी (शासकीय महाविद्यालय पिपरिया) ने संभाली।
टीम के इस प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम मैनेजर श्रीमती अनीता पौषार्य ने कहा, “उप-विजेता होना भी किसी जीत से कम नहीं है। हमारे खिलाड़ियों ने समर्पण दिखाया है। अब हम अगले स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अपने खेल में सुधार और अभ्यास पर ध्यान केंद्रित करेंगे।” शासकीय महाविद्यालय गंडई के प्राचार्य डॉ. डी. पी. कुर्रे सहित सेक्टर के वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारियों और वॉलीबॉल प्रेमियों ने पूरी टीम और मैनेजरों को बधाई दी है। बधाई देने वालों में वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी परेश वर्मा, अरुण चौधरी, डॉ. नीता नायर, डॉ. मुन्नालाल नंदेश्वर, मोरजधव्ज सोनवानी, खेलन माहुले, श्री रोशन पटेल एवं राजनांदगांव सेक्टर के सभी वॉलीबॉल खेल प्रेमी शामिल हैं।
(रिपोर्टर-विनोद नामदेव गंडई)
