
ग्राम पंचायत सम्बलपुर में डायरिया के खिलाफ बच्चों ने संभाला मोर्चा: स्कूल की जागरूकता रैली से गूंजा पूरा गाँव
गंडई पंडरिया-गंडई नगर के नजदीकी ग्राम पंचायत सम्बलपुर में फैले डायरिया के प्रकोप को देखते हुए, शनिवार, 11 अक्टूबर को शासकीय प्राथमिक शाला सम्बलपुर के शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिलकर डायरिया जागरूकता रैली निकाली। शाला के विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियाँ और पोस्टर लेकर पूरा गाँव घूमा और जोर-शोर से नारे लगाए, रैली माध्यम से उन्होंने गाँव के लोगों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।
रैली का मुख्य फोकस पानी को उबालकर पीने, शौच के बाद और पहले हाथ धोने जैसी व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतों को अपनाने पर था। बच्चों ने गाँव वालों से नलकूप, बोरवेल, पानी टंकी और जल निकासी (सीवरेज) सहित अन्य स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की ताकि दूषित पानी के कारण फैलने वाले संक्रमण को रोका जा सके।
इस सामुदायिक प्रयास को गाँव के जनप्रतिनिधियों और प्रबंधन समिति का भी पूरा सहयोग मिला। शाला के प्रधान पाठक राजेंद्र कुमार जंघेल, शिक्षक शिवचरण कुमार वर्मा और विकास खाखा के नेतृत्व में यह रैली निकाली गई, इस दौरान सरपंच श्रीमती लक्ष्मीदेवी जंघेल और शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेश जंघेल रैली में शामिल रहे।
स्वाथ्य विभाग द्वारा लगाया जा रहा कैम्प
गंडई हास्पिटल में पदस्थ डॉक्टर प्रशांत सोनी ने बताया कि वर्तमान में सम्बलपुर के 5 मरीज हास्पिटल में भर्ती है गाव में दो दिनों से कैम्प लगाया जा रहा है।पानी जांच के लिए सेम्पल भेजा गया है साथ ही ग्रामीणों को समझाइश दिया गया है कि जिस सोर्स से पानी पी रहे है उसे कुछ समय के लिए बंद कर अन्य सोर्स से पानी का इस्तेमाल करे।जल्द ही डायरिया का प्रकोप ग्राम से खत्म करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
