
सड़क अतरिया में दोहरे हत्याकांड,महज 10 हजार के मामूली कर्ज पर शिक्षक दंपत्ति की क्रूर हत्या; आरोपी भगवती मरकाम ने जुर्म किया कबूल भेजा गया जेल गिरफ्तार
@-अपमान का बदला लेने के लिए रात के अंधेरे में रची खूनी साजिश, लकड़ी के फट्टे से वार कर ली जान
गंडई पंडरिया- खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गंडई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोड अतरिया में हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है। एक मामूली ₹10,000 की उधारी और अपमानजनक बातों से उपजे गहरे रंजिश ने एक शिक्षक बाबू लाल सोरी और उनकी पत्नी सुन्ती बाई की बेरहमी से जान ले ली। इस सनसनीखेज वारदात को गांव के ही एक शख्स भगवती मरकाम ने अंजाम दिया।
क्रूरता की हदें पार
पुलिस के अनुसार, यह वीभत्स घटना 10 अक्टूबर 2025 की सुबह 4 बजे के आसपास घटी। आरोपी भगवती मरकाम, जो मृतक बाबू लाल सोरी (पेशे से शिक्षक) से ₹10,000 उधार नहीं चुका पा रहा था और उनके अपमान से आक्रोशित था, बदला लेने की नीयत से आया।
* खौफनाक प्रवेश:
आरोपी ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए बाड़ी का पर्दा कूदकर घर में प्रवेश किया। उसने सबसे पहले छत पर पहुँचकर बिजली के तार खींचकर घर की लाइट बंद की, ताकि कोई सीसीटीवी कैमरा काम न करे।
* पहला शिकार:
वह छत पर रखे लकड़ी के फट्टे (पाटी) का टुकड़ा उठाकर बाबू लाल का इंतजार कर रहा था। तभी उनकी पत्नी सुन्ती बाई कमरे से बाहर निकलीं और आरोपी को देखकर चिल्लाईं। इससे पहले कि वह मदद के लिए आवाज लगा पाती, आरोपी ने लकड़ी के फट्टे से उनके सिर पर 4-5 बार क्रूरता से वार कर दिया, जिससे वह आंगन में मृत गिर गईं।
* दूसरा शिकार:
पत्नी की चीख सुनकर बाबू लाल सोरी कमरे से बाहर निकले। वह आरोपी की ओर वाइपर का पाइप लेकर लपके, लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का दिया। बाबू लाल बरामदे में रखी मोटरसाइकिल से टकराकर जमीन पर गिर गए। मौका पाते ही आरोपी भगवती ने उसी लकड़ी के फट्टे से उनके सिर पर भी 4-5 बार वार किए और उनकी भी हत्या कर दी।
ग्रामीणों ने पकड़ा कातिल
सुबह लगभग 6:30 बजे ग्रामीणों ने घर की लाइट बंद देखी और कुत्ते के जोर-जोर से भौंकने की आवाज सुनी। जब कुछ ग्रामीण बाबू लाल के घर पहुँचे, तो उन्होंने घर के अंदर कूलर के पास भगवती मरकाम को खड़ा देखा। ग्रामीणों को देखते ही वह खेत की ओर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा करके उसे धर दबोचा और पुलिस को सूचना दी।
गंडई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 356/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अब माननीय न्यायालय में पेश कर ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा जाएगा।
यह दोहरी हत्या न केवल कर्ज बल्कि अपमान और प्रतिशोध की भावना का एक भयावह उदाहरण है, जिसने पूरे क्षेत्र को सकते में डाल दिया है।
दिनांक: 11/10/2025
स्थान: गंडई, जिला KCG
