
मौत का ब्लैक स्पॉट,सड़क अतरिया में हफ्ते भर के भीतर दूसरा बड़ा हादसा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा!
गंडई पंडरिया-खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के अंतर्गत आने वाले सड़क अतरिया क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की शाम एक बार फिर ‘ब्लैक स्पॉट’ बनते जा रहे इस मार्ग पर दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस भीषण भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
अंधाधुंध रफ्तार और जबरदस्त टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6:30 बजे सड़क अतरिया के भाटापारा के समीप मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CD 0933 और CG 04 DO 9179 के बीच रोंगटे खड़े कर देने वाली टक्कर हुई। भिड़ंत इतनी भयावह थी कि बाइक सवार तीनों युवक हवा में उछलकर सड़क से कई फीट दूर जा गिरे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल 112 को सूचित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को छुईखदान अस्पताल पहुँचाया।
अपनों को खोने का गम और प्रशासन की अनदेखी
मिली जानकारी अनुसार दुर्घटना में ढाबा निवासी दूज राम वर्मा (45 वर्ष) की असमय मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, बरहापुर निवासी कलेश्वर वर्मा (25 वर्ष) और सहसपुर निवासी जेलाल (50 वर्ष) के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय राजनांदगांव रिफर कर दिया गया है।
ग्रामीणों का आक्रोश: “हादसे नहीं, ये हत्याएं हैं”
हफ्ते भर पहले इसी स्थान पर एक तेज रफ्तार कार भी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। बार-बार हो रहे इन हादसों से ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते सड़क पर गतिरोधक या संकेतक लगाए होते, तो शायद आज एक परिवार का सहारा नहीं छिनता। ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
(रिपोर्टर-राजू (दामोदर) वैष्णव सड़क अतरिया)
