
स्कूल भवन के पास चाकू लहराते युवक गिरफ्तार, दहशत फैलाने के आरोप में कार्रवाई-मामला खैरागढ़ थाना क्षेत्र का
गंडई पंडरिया:-खैरागढ़ पुलिस ने टाउन भ्रमण के दौरान स्कूल भवन के पास चाकू लहराकर दहशत फैलाने के आरोप में एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक धारदार चाकू जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
थाना खैरागढ़ में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) अपने स्टाफ के साथ इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान, मुखबिर से मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि पिपरिया निवासी जितेंद्र वर्मा स्कूल भवन के पास चाकू लेकर घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को देखकर चाकू लहरा रहा है, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल है।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने तत्काल गवाहों (गौराम साहू और राहुल कोठले) को तलब किया और उन्हें कार्रवाई में शामिल होने के लिए नोटिस तामील कराया।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, चाकू लिए व्यक्ति पुलिस को देखकर स्कूल परिसर में घुस गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों पकड़ा। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम जितेंद्र वर्मा, पिता स्व. दिलहरण वर्मा, उम्र 21 साल, साकिन वार्ड नं. 01 पिपरिया बताया।
जितेंद्र वर्मा चाकू लेकर घूमने या लहराने के संबंध में कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद, गवाहों के समक्ष दोपहर में उसके कब्जे से एक नग लोहे का धारदार चाकू (कुल लंबाई 12 इंच) जब्त किया गया और सीलबंद किया गया।
आरोपी जितेंद्र वर्मा के कृत्य को अपराध की श्रेणी में पाते हुए उसे दोपहर में गिरफ्तार किया गया, जिसकी सूचना उसके भाई राजेंद्र वर्मा को दी गई। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। कायमी, जब्ती और गिरफ्तारी की सूचना मजिस्ट्रेट को भी भेजी गई है।
