“प्राइवेट स्कूलों को पीछे छोड़ सरकारी स्कूल के बच्चों ने रचा इतिहास, एक साथ चार गौरवपूर्ण चयन!”

गंडई पंडरिया:- कहते हैं कि प्रतिभा किसी सुख-सुविधा की मोहताज नहीं होती, उसे बस सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत की जरूरत होती है। इस बात को सच कर दिखाया है नगर के निकटवर्ती शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला सर्राकापा के होनहार छात्रों ने।
शाला के छात्र विक्रम मंडावी (पिता कुलेश्वर मंडावी) और खुशांश वर्मा (पिता महेश वर्मा) ने अपनी बौद्धिक क्षमता का लोहा मनवाते हुए नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में अपना स्थान पक्का किया है। सफलता का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, खुशांश वर्मा और ओजस साहू ने अपनी कड़ी मेहनत से सैनिक स्कूल की कठिन परीक्षा में भी चयन हासिल कर दोहरा गौरव प्राप्त किया है।

अभिभावकों और छात्रों के लिए प्रेरणा
इन बच्चों की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य पालकों और विद्यार्थियों के लिए एक मिसाल है। यह साबित करता है कि यदि बच्चे को शुरू से ही पढ़ाई के प्रति अनुशासित रखा जाए और नि:शुल्क कोचिंग संस्थान गंडई व लक्ष्य छत्तीसगढ़ जैसे सही मार्गदर्शन का सहारा मिले, तो सरकारी स्कूल के बच्चे भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश पा सकते हैं। आज के प्रतिस्पर्धी युग में यह सफलता बताती है कि संसाधन कम होने पर भी ऊँचे सपने देखे जा सकते हैं और उन्हें पूरा भी किया जा सकता है।
बच्चों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए संकुल प्राचार्य पोर्णिमा नेताम, संकुल समन्वयक श्री राजेश श्रीवास्तव, प्रधानपाठक श्रीमती सरोज ताम्रकार, श्रीमती कल्याणी नेताम, सरपंच शंकर गंधर्व व शिक्षक भागचंद साहू, महेश वर्मा, उमाशंकर पटेल ने उज्जवल भविष्य की कामना की है।
रिपोर्टर-विनोद नामदेव
