
गंडई के मिनेश साहू को ‘कोरिया साहित्य महोत्सव’ में ‘विद्वान सम्मान’ से नवाज़ा गया; अंचल को दिलाया गौरव
गंडई-पंडरिया। गंडई अंचल के समीपस्थ ग्राम पंचायत भुरभुसी के सुपुत्र और प्रसिद्ध लोक साहित्यकार एवं गीतकार, मिनेश कुमार साहू ने अपनी प्रतिभा से पूरे अंचल को गौरवान्वित किया है। उन्हें बैकुंठपुर, जिला कोरिया में आयोजित प्रतिष्ठित ‘कोरिया साहित्य महोत्सव (कोसम)’ के तृतीय सोपान में ‘विद्वान सम्मान’ से विभूषित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें विशुद्ध छत्तीसगढ़ी भाषा में लोक साहित्य और गीत लेखन के लिए प्रदान किया गया है। मिनेश साहू को यह गौरव छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और माननीय विधायक भैय्या लाल राजवाड़े के शुभ हाथों से प्राप्त हुआ।
साहित्य और सिनेमा में योगदान
कोरिया साहित्य महोत्सव का यह भव्य आयोजन जिला प्रशासन कोरिया, टीम अभिव्यक्ति, एसईसीएल और साईं नाथ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 11 और 12 अक्टूबर को संपन्न हुआ।
मिनेश साहू साहित्य सृजन के क्षेत्र में कविता, शोध आलेख, और पटकथा संवाद के साथ-साथ विशेष रूप से छत्तीसगढ़ी भाषा में गीतों का लेखन कर रहे हैं। उनके लेखन की विशेषता छत्तीसगढ़ी माटी की सुगंध और विशुद्ध लोक संस्कृति है।
आगामी परियोजनाएँ
उनकी कला साधना जल्द ही बड़े पर्दे पर भी दिखाई देगी। आगामी नवंबर माह में रिलीज़ होने वाली छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘प्रेम के बंधन’ में उनका एक गीत शामिल किया गया है, जबकि एक अन्य छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘हाय पैसा’ में उनके लिखे पूरे छह गीत सुनने को मिलेंगे। भविष्य में भी उनकी कलम से अनेक छत्तीसगढ़ी फिल्मों में विशुद्ध छत्तीसगढ़ी लोक गीत सुनने को मिल सकता है।

विज्ञापन
मिनेश साहू ने बताया कि वह अपने प्रेरणास्रोत लोक साहित्यकार डॉ. पीसी लाल यादव, श्रद्धेय स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तूरिया,स्वर्गीय पवन दीवान ,स्वर्गीय हरि ठाकुर सहित कई पूज्य गुरुजनों के पदचिन्हों पर चलते हुए, लोक साहित्य के साधक बनकर छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा में निरंतर कार्यरत हैं। उनका यह सम्मान गंडई अंचल के साहित्य जगत के लिए एक नई प्रेरणा है।
