
अविनाश मिश्रा नर्मदा
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच नर्मदा के अविनाश ने मारी बाजी, 95% अंकों के साथ नवोदय विद्यालय में हुआ चयन
0 सामान्य वर्ग और शहरी कोटे की चुनौतियों को पार कर वेटिंग लिस्ट में रहे अव्वल, 20 नवम्बर को मिला प्रवेश
गंडई पंडरिया-प्रतिभा संसाधनों की नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कठोर परिश्रम की मोहताज होती है। इस कथन को चरितार्थ करते हुए गंडई के समीपस्थ ग्राम नर्मदा के होनहार छात्र अविनाश मिश्रा ने अपनी मेधा का परचम लहराया है। अविनाश का चयन देश के प्रतिष्ठित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, डोंगरगढ़ के लिए हुआ है। खास बात यह है कि अविनाश ने यह सफलता सामान्य वर्ग और शहरी क्षेत्र की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हासिल की है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
ग्राम नर्मदा निवासी कमलेश मिश्रा के पुत्र अविनाश शुरू से ही पढ़ाई में एक मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा (सत्र 2025-26) में न केवल हिस्सा लिया, बल्कि 95 प्रतिशत उत्कृष्ट अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा सिद्ध की। चूंकि अविनाश शहरी क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर गंडई के छात्र हैं और सामान्य वर्ग से आते हैं, इसलिए नवोदय विद्यालय के नियमों के तहत उनके लिए आरक्षित सीटें बेहद सीमित थीं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंततः उनकी मेहनत रंग लाई और विद्यालय में एक नव-प्रवेशी छात्र द्वारा टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) लेने के बाद एक सीट रिक्त हो गई। मेरिट में शीर्ष पर होने के कारण 20 नवम्बर, गुरुवार को अविनाश का प्रवेश विधिवत रूप से संपन्न हो गया।
अविनाश वर्तमान में सरस्वती शिशु मंदिर गंडई में अध्ययनरत थे। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और पूरे गांव में खुशी की लहर है। छात्र की इस सफलता पर सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य बलराम सिंह ठाकुर, आचार्य रमेश वर्मा, अशोक कांवरे, सुनील, ममता पटेल, किरण दीदी, अर्पणा मिश्रा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक सुभाष जैन, कालू राम जंघेल व पुलेन्द्र जंघेल ,प्रेस क्लब गंडई के सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है। सभी ने अविनाश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया है कि वे आगे चलकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम और अधिक रोशन करेंगे।
(विनोद नामदेव गंडई की कलम से…)
